
Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। अरजनसर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार, अरजनसर में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी की जयंती के अवसर पर सरबंस दानी गुरु गोबिन्द सिंह जी का 360वां प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सेवादार रणवीर बुटर ने बताया है इस अवसर पर आयोजित सालाना जोड़ मेला एवं तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के तहत लड़ीवार श्री अखंड पाठ साहिब का विधिवत पाठ आरंभ हुआ, जिसका अखंड भोग श्रद्धापूर्वक संपन्न कराया गया।



अखंड पाठ की समाप्ति के उपरांत भव्य दीवान सजाए गए। जिसमें गुरबाणी कीर्तन, शब्द-कीर्तन और प्रवचनों के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला गया। इसके बाद पहलवानों द्वारा कुश्तियों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय पहलवानों ने अपने जोहर दिखाए। साथ ही बाजीगरों द्वारा करतबों व बाजियों के खेल प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया गया। कुश्ती के मुख्य विजेता मुकेश गोदारा अरजनसर रहे। इस पावन आयोजन में जत्थेदार बाबा बलकार सिंह का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ, जिससे संगत को आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिला।



