Bikaner News
भाजपा नेता मेड़तिया और व्यास ने अधिकारियों से की मुलाकात
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। आगामी गर्मी को देखते हुए बीकानेर में जल संकट की आशंका के बीच भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर शहर में सुचारू और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
बीकानेर में पेयजल व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं ने पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता राजेश पुरोहित से विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि गर्मियों के दौरान शहर में पानी की किल्लत हर वर्ष बड़ी समस्या बन जाती है, इसलिए अभी से ठोस और स्थायी समाधान जरूरी है। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया ने बताया कि इंद्रा कॉलोनी, राजपुरोहितों का मोहल्ला और भुट्टो के बास जैसे क्षेत्रों में 24 घंटे जलापूर्ति का दावा किया गया था, लेकिन वर्तमान में केवल 2 घंटे ही पानी मिल रहा है।


उन्होंने बीछवाल जलाशय से अलग पाइपलाइन डालकर नियमित 24 घंटे सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष वेदव्यास ने कहा कि बीकानेर शहर के परकोटे के अंदरूनी इलाकों में भी जल संकट गंभीर है। उन्होंने विभाग से जल वितरण का निश्चित समय तय करने की मांग की, ताकि आमजन को अनिश्चितता और परेशानी से राहत मिल सके। विक्रम सिंह राजपुरोहित ने कहा कि नहर बंधी के दौरान प्रशासन के द्वारा बीकानेर में पानी के टैंकर से जो सप्लाई दी जाती है उनमें पारदर्शिता से होना चाहिए और निजी पानी टैंकर संचालकों कम और फिक्स दरों के लिए पाबंद किया जाये ताकि ज्यादा राशि ना वसूले।
प्रतिनिधिमंडल में युवा मोर्चा उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह भाटी और मीडिया संयोजक भव्य दत्त भाटी भी शामिल रहे। भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर शहरवासियों को पर्याप्त और समयबद्ध पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि आगामी गर्मी में बीकानेर को जल संकट से बचाया जा सके।

