Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। खुले पड़े तारों से करंट लग जाने से तीन गायों की मौत हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना कोलायत के झझु क्षेत्र से जुड़ी है। जहां पर बीएसएनएल टावर के नीचे खुले पड़े करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से तीन गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीएसएनएल टावर के पास लंबे समय से खुले तार पड़े हुए थे, जिन पर किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। इन्हीं खुले तारों में करंट दौडऩे के कारण यह हादसा हुआ। मृत गायें गांव निवासी अशोक कुमार राणा की बताई जा रही हैं। घटना के बाद गायों के मालिक अशोक कुमार राणा ने गहरा रोष जताते हुए बीएसएनएल टावर कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।फिलहाल गांव में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और सभी की नजरें प्रशासन व बीएसएनएल टावर कंपनी की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



