Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। अचानक बीच सड़क पर बस को सीज कर यात्रियों सहित आरटीओ कार्यालय ले जाने की खबर सामने आयी है। घटना शुक्रवार की है। जहां पर प्रादेशिक परिवहन विभाग की कार्रवाई शुक्रवार को यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई। बीकानेर से लूणकरणसर जा रही एक निजी बस को परिवहन निरीक्षक ने बीच रास्ते में रोका और सीज कर दिया।


जांच में सामने आया कि बस में निर्धारित इंजन की जगह दूसरा इंजन लगाया गया था और इसका अपडेट वाहन की आरसी में नहीं कराया गया था। इसके बाद बस को सवारियों सहित आरटीओ कार्यालय बीकानेर ले जाया गया। बस में कई बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और डॉक्टर को दिखाकर लौट रहे मरीज भी सवार थे।
आरटीओ कार्यालय पहुंचने के बाद यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक वहीं इंतजार करना पड़ा। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
परिवहन विभाग के अनुसार बस में नियमों के विपरीत इंजन लगाया गया था और इसका आरसी में अपडेट नहीं कराया गया था, जो परिवहन नियमों का उल्लंघन है। मुख्यालय के निर्देशों के आधार पर बस को सीज किया गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को कुछ समय असुविधा जरूर हुई, लेकिन बाद में दूसरी बस के जरिए उन्हें उनके गंतव्य तक भेज दिया गया। फिलहाल बस को आरटीओ कार्यालय में जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



