Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र लूणकरणसर में केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई मनरेगा कानून के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत करनाली गांव की चौपाल से हुई।



यात्रा का नेतृत्व विधानसभा प्रत्याशी, पीसीसी महासचिव डॉ राजेंद्र मूंड ने किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लूणकरणसर के तत्वाधान में आयोजित इस जनसंवाद यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों से गांवों की गुवाड़ में संवाद कर नई मनरेगा नीति, देश व प्रदेश सरकार की विफलता को रखा गया।

आज यह जनसंवाद यात्रा करनाली से प्रारंभ होकर अजीतमाना, लखावर, शुभलाई व भादवां गांव की चौपाल में पहुंचकर आम जन से जनसंवाद किया गया । गाँव-गाँव में आयोजित चौपालों में बड़ी संख्या में महिलाएं, नौजवान, मजदूर ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभाओं में संबोधित करते हुए विधानसभा प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र मूंड ने कहा कि मनरेगा योजना में रोजगार की गारंटी को हटाना कानून को नीतिगत रूप से खत्म करने की साजिश है। गांधी के ग्राम स्वराज के स्वप्न को साकार करने वाली इस योजना को कमजोर करना ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को समाप्त करने का काम है।
मनरेगा देश के हर ग्रामीण परिवार को सम्मानपूर्वक जीवनयापन के अधिकार को कानूनी गारंटी देने की योजना थी जिसे अब भाजपा समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार 2 साल के कार्यकाल में विफल साबित हुई है ।
देहात कांग्रेस जिला महासचिव महिपाल सारस्वत ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा इस योजना को कमजोर करने और मूल भावना से छेड़छाड़ करने का प्रयास न केवल जन विरोधी है बल्कि संविधान के मूल आदर्शों पर भी हमला है। मनरेगा योजना ग्रामीण भारत की आत्मा है और यह योजना गांवों की समृद्धि में सहायक योजना थी और हम सरकार से मांग करते है कि इसके मूल स्वरूप में कोई बदलाव न करके देनिक मजदूरी बढ़ाई जाए।
ब्लॉक अध्यक्ष अजय गोदारा ने कहा कि यह यात्रा आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए है। कांग्रेस पार्टी आमजन की लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी। ब्लॉक संगठन महामंत्री पूर्व सरपंच विजय गोदारा ने कहा कि एक राजनीतिक पार्टी व देश के जागरूक नागरिक होने के नाते हमारा ये नैतिक दायित्व है कि हम लोग सरकार की गलत नीतियों को लोगों के सामने रखे व आमजन को जागरूक करें।
इस जनसंवाद यात्रा में अजीतमाना सरपंच प्रतिनिधि पतराम मान,जिला सचिव रामप्रताप सियाग, ब्लॉक प्रवक्ता बंशी हुड्डा,एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष विकास चौधरी, डेलाना मंडल अध्यक्ष आत्माराम विश्नोई, धीरेरा मंडल अध्यक्ष दीनदयाल सारस्वत,पूर्व पंचायत समिति सदस्य रघुवीर जांगू, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष हंसराज महिया, ब्लॉक कांग्रेस सचिव शिवलाल सुथार, सेवादल जिला उपाध्यक्ष ओम भादू, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव गणपतराम मेघवाल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष जसवीर गोदारा, रतनलाल सायच, रतिराम गोदारा, जगदीश गोदारा, समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


