राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। राजस्थान में गर्मी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से देर रात तक गर्मी कहर बरपा रही है। पंखे बेअसर साबित हो रहे है तो कूलर भी ज्यादा असर नहीं दिखा रहे हैं। शुक्रवार (8 मई) से पश्चिमी जिलों में हीटवेव का दौर शुरू हो गया। इससे जैसलमेर और बाड़मेर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दूसरी ओर, राज्य के कुछ जिलों में आंधी-बारिश भी देखने को मिली। नागौर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर के इलाकों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ। यहां बादल छाए, धूलभरी हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई।

मौसम विभाग ने शनिवार 3 जिलों (जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर) में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। साथ ही भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर के आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, बूंदी के देई में शुक्रवार शाम को आए अंधड़ ने एक व्यक्ति की जान ले ली। तेज हवा के बीच मकान की दूसरी मंजिल पर कोली मोहल्ला के रहने वाले केसरीलाल महावर टिनशेड संभालने गए थे। बवंडर टिनशेड के साथ केसरीलाल को करीब 80 फीट दूर उड़ा ले गया। वह सीधे मोबाइल टावर से टकराए और नीचे गिर पड़े।



