Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। प्रदेश में भाजपा विधायक के बेटे ने 50 लाख की रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज करवाया है। मामला अलवर के बहरोड़ से जुड़ा है। जहां पर बहरोड़ से भाजपा विधायक डॉ. जसवंत सिंह के पुत्र मोहित यादव ने मांढण पुलिस थाने में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया है। यह मामला 24 मार्च को दर्ज कराया गया है। आरोप है कि बदमाशों ने मोहित यादव की गाड़ी रोककर गाली-गलौज की और 50 लाख रुपए देने की धमकी दी।


रिपोर्ट में बताया गया कि 10 मार्च 2026 को मांढण गोशाला उत्सव के दौरान फेसबुक-इंस्टाग्राम लाइव पर वीरेंद्र सिंह नाम की आईडी से जान से मारने की धमकियां और भद्दे कमेंट्स आए। उसी रात कान्हावास के पास बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी रोकी और लाठी-डंडों से लैस 6-7 लोगों ने घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए 5 दिनों में 50 लाख रुपए देने की धमकी दी और कहा कि बलजीत भाई साहब ने उनका इलाज करने को कहा है।



