नापासर महाविद्यालय में अच्छे बच्चों का निर्माण कैसे करें विषयक संगोष्ठी का हुआ भव्य आयोजन-Bikaner News 

Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज, बीकानेर। नापासर स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में, अच्छे बच्चों का निर्माण कैसे करें विषयक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी संयोजक सहायक आचार्य डॉ. आर.एन.बिश्नोई ने बताया कि प्राचार्य डॉ. घनश्याम बिठू के सानिध्य में आयोजित इस संगोष्ठी के मुख्य अतिथि व्यवसायी शंकर लाल मूंधड़ा थे तथा अध्यक्षता पूर्व प्रिंसिपल, चिंतक व लेखक प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी ने की । संगोष्ठी का प्रारंभ सामूहिक सरस्वती वंदना से किया हुआ । अतिथियों का स्वागत भाषण व परिचय डॉ. आर. एन.बिश्नोई द्वारा दिया गया ।

 

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्रोफेसर बिनानी ने कहा कि आपके बच्चों के पास अच्छी बुद्धि है पर इसी बात से संतोष मत कर लीजिए । वर्तमान समय में अच्छे बच्चों का निर्माण कैसे करें यह जानना प्रत्येक माता-पिता के लिए जरूरी है। उन्हें बुद्धि के साथ साथ अच्छे भाव युक्त संस्कारों से अवश्य संचित करिए। यह कार्य मातृ शक्ति भलीभांति कर सकती है । प्रोफेसर बिनानी ने बताया कि माता-पिता के रूप में बच्चों को सिखाएं नहीं, अपितु करके दिखाइए । इससे वो जल्दी सीख जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे वो नहीं करते जो आप कहते हैं, बच्चे वो करते हैं जो आप करते है। चाह कर भी आप अपने बच्चों से अपने पैर नहीं छुआ सकते इसके लिए पहले आप स्वयं को अपने माता-पिता के पैर प्रतिदिन छुने होंगे। प्रोफेसर बिनानी ने कहा कि जो बात मुंह से कही जाती है उसका प्रभाव ज्यादा नहीं होता,जो बात जीवन में करके दिखाई जाती है, उसका ज्यादा प्रभाव होता है।

 

संगोष्ठी के मुख्य अतिथि नापासर के जाने-माने व्यवसायी, किशनगंज-बिहार प्रवासी, शंकर लाल मूंधड़ा ने कहा कि जीवन में प्रत्येक व्यक्ति के हृदय में दूसरों के प्रति जन कल्याण की भावना विकसित होनी चाहिए जो राष्ट्र निर्माण में सहायक है। प्राचार्य घनश्याम बिठू ने बताया शिक्षा का अर्थ बच्चे का सर्वांगीण विकास है । धैर्य व कठिन परिश्रम से जीवन का हर मुकाम हासिल किया जा सकता है । जीवन में एक लक्ष्य जरूर होना चाहिए।
संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. आर.एन.बिश्नोई सहायक आचार्य (भूगोल) ने कहा कि अपने कार्यों को कल के लिए छोडऩे का नहीं ,अपितु आज में करने का स्वभाव बनाओ । गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष श्रीमती रूबी स्वामी ने राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की महती भूमिका पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी में डॉ.सुखपाल कौर, डॉ.दीपा सेठी, डॉ.वंदना शुक्ला,डॉ. रूबी स्वामी, काजल बोहरा महाविद्यालय के समस्त स्टाफ वह छात्राओं की गरिमामय उपस्थिति रही। छात्राओं की ओर से अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया । संगोष्ठी का कुशल संचालन डॉ. आर.एन.बिश्नोई ने किया ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!