cyber crime साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला
राजस्थान फस्र्ट न्यूज,बीकानेर। बैंक के रिटायर्ट कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट कर लाखोंं की साइबर ठगी करने की खबर सामने आयी है। घटना श्रीगंगानर से जुड़ी है। इस सम्बंध में परमजीत सिंह तनेजा निवासी बी-88, सेतिया कॉलोनी, गली नंबर 2 (श्रीगंगानगर) ने बताया- वह पंजाब नेशनल बैंक का रिटायर्ड कर्मचारी हैं। 23 दिसंबर 2025 को उसके पास व्हाट्सएप पर एक वीडियो कॉल आई। कॉलर ने चेहरा छिपाकर खुद को कोलाबा पुलिस स्टेशन, मुंबई का अधिकारी बताया। साइबर ठग ने परमजीत से कहा- उसका (परमजीत) का केनरा बैंक में अकाउंट है। जिसका एटीएम कार्ड एक आतंकवादी के पास मिला है और मनी लॉन्ड्रिंग में यूज हुआ है।


परमजीत ने इस बात से मना कर दिया और ठग से कहा कि वह कभी मुंबई नहीं गया। बाद में ठग ने धमकी देकर कहा- अधिकारी से तरीके से बात करो, वरना पूरे परिवार को एनकाउंटर में मार देंगे।
24 दिसंबर को ठग ने परमजीत से म्यूचुअल फंड और सेविंग्स का डिटेल मांगा। डर में परमजीत ने सब बता दिया। ठग ने कहा-एफडी तुड़वाकर अपने अकाउंट में पैसे डालो और फिर उनके अकाउंट में ट्रांसफर करो, हम वेरिफाई करके लौटा देंगे। जिसके बाद परमजीत ने पीएनबी बैंक में की हुई एफडी तुड़वा ली और ठगों द्वारा बताए गए अकाउंट में ट्रांसफर करवा दिए।
परमजीत 16-16 घंटे कॉल पर रहा, जिससे वह डिप्रेशन में चला गया। 26 दिसंबर को ठग ने फिर कॉल की और दूसरा अकाउंट नम्बर भेजा। जिसके बाद परमजीत ने फिर से 11 लाख 52 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
2 जनवरी को परमजीत ने ठगों का कॉल ट्राई किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद उसने घरवालों को बताया और 1930 पोर्टल पर शिकायत की। अब साइबर थाने में साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। परमजीत का कहना है कि यह पैसे उनके रिटायरमेंट की कमाई थी, जो जीवनयापन का सहारा थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



