Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। भाई के साथ हाथापाई करने और युवती के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। इस सम्बंध में नोखा पुलिस थाने में परिवादी ने पवन, मुकेश, महेंद्र, रामरतन, श्याम सुंदर सहित 10-15 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। प्रार्थी ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को वह अपनी मां निरमा देवी को उपचार के लिए गाड़ी से रासीसर से बीकानेर ले जा रहा था। इस दौरान बस पुरोहितान बास बस स्टैंड रासीसर के पास दो बाइक पर सवार आरोपियों ने उसकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोका और गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।


किसी तरह जान बचाकर वह वहां से निकलकर बीकानेर चला गया। परिवादी ने बताया कि उसी दिन शाम करीब 6 से 6.30 बजे के बीच आरोपी हथियारों से लैस होकर तीन-चार गाडिय़ों व बाइक पर सवार होकर उसके घर पहुंचे। उस समय घर पर उसकी बहन अकेली थी। आरोप है कि आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर गाली-गलौच की और उसकी बहन के साथ अश्लील हरकतें कर उसकी लज्जा भंग की।
परिवादी के अनुसार आरोपियों ने उसकी बहन को जबरन उठाकर ले जाने की धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोप है कि पवन ने उसकी बहन के गले में पहना सोने का डोरा तोड़कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



