Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। प्रदेशभर में कड़कड़ाती सर्दी शुरू हो गयी है। बीते 48 घंटे में लगातार सर्दी का प्रकोप जारी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने शुक्रवार को 20 जिलों में घना कोहरा रहने का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 4 जनवरी से राज्य में कोल्ड-वेव चलने और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना जताई है। वहीं, गुरुवार को प्रदेश के कुछ शहरों में तो दिन और रात में सर्दी एक समान रही।


श्रीगंगानगर में सीजन का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। जयपुर, अलवर, बीकानेर, चूरू में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। गुरुवार देर शाम होने के साथ ही उत्तरी जिलों में कोहरा पडऩा शुरू हो गया। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर,हनुमानगढ़, चुरू, सीकर, झुझुनूं, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीकानेर, नागौर, अजमेर, जयपुर, टोंक, बूंदी, बारां, कोटा और झालावाड़ में येलो अलर्ट जारी किया है।



