राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों को लेकर खबर सामने आयी है। आज संसद में केन्द्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने इसकी जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि केंद्रीय कर्मचारी अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए 30 दिनों की छुट्टी ले सकते हैं। यह प्रावधान किसी दूसरे व्यक्तिगत कारणों पर भी लागू होता है।
मंत्री से पूछा गया था कि क्या सरकारी कर्मचारियों के पास अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए छुट्टी लेने का कोई प्रावधान है। इस पर उन्होंने एक लिखित जवाब में कहा, सेंट्रल सिविल सर्विसेज (लीव) रूल्स, 1972 में केंद्रीय कर्मचारियों को 30 दिन का अर्जित अवकाश मिल सकता है। इसके अलावा 20 दिन का अर्ध-वेतन अवकाश, 8 दिन का कैजुअल लीव और हर साल दो दिन की प्रतिबंधित छुट्टी का प्रावधान है। इन छुट्टियों के अलावा सरकारी कर्मचारियों को पहले से निर्धारित छुट्टियां मिलती रहेंगी, जिसके वे योग्य हैं।