Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। प्रदेश सरकार की योजना गर्वमेंट हेल्थ स्कीम इस समय संकट से गुजर रही है। यह योजना राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को कैशलेस इलाज और दवाओं की सुविधा देने के लिए शुरू की गयी थी लेकिन अब इससे जुड़े अस्पतालों और फार्मेसी इकाइयों को समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा है।


योजना से जुड़े अस्पतालों और फार्मेसी संगठनों के समूह राजस्थान एलायंस ऑफ हॉस्पिटल एसोसिएशंस ने आरोप लगाया है कि पिछले 7 से 9 महीनों से उनका भुगतान लंबित है। इसी के चलते उन्होंने चेतावनी दी है कि 25 मार्च से जयपुर में योजना के तहत चल रही ओपीडी फार्मेसी में कैशलेस दवाओं की सुविधा अस्थायी रूप से बंद की जा सकती है।
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन मरीजों पर पड़ेगा जो नियमित रूप से दवाओं पर निर्भर हैं। खासकर पेंशनर्स जो इस योजना के तहत मुफ्त या कैशलेस दवाओं का लाभ लेते हैं, उन्हें सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दवाओं की सुविधा बंद होने से उन्हें अपनी जेब से खर्च करना पड़ सकता है।
संस्था ने राज्य सरकार से लंबित भुगतान का जल्द निस्तारण करने और एक समयबद्ध भुगतान प्रणाली लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए तो योजना को फिर से सुचारू रूप से चलाया जा सकता है और मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।



