राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। नशीले पदार्थो के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। इसी कड़ी में एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में बीछवाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोडा और नशीले कैप्सुल के साथ एक को गिरफ्तार किया है। बीछवाल थाना पुलिस ने गंगानगर रोड स्थित मोगा वालों का ढाबा के सामने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ और बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार अमन गर्ग को मौके पर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 47 ग्राम अवैध डोडा पोस्त डंठल व चूरा बरामद हुआ। इसके अलावा एक कार्टन में रखे पैरागाबलीन कैप्सुल आईपी न्यूरो-300 के 25 डिब्बे मिले, जिनमें प्रत्येक डिब्बे में 200 कैप्सूल थे। साथ ही 10 पत्ते अतिरिक्त बरामद हुए।
इस प्रकार कुल 5100 कैप्सूल जब्त किए गए। मामले की सूचना तत्काल ड्रग्स निरीक्षक नरोत्तम देव बारोठिया को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर कैप्सूल अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। वहीं अवैध डोडा पोस्त के संबंध में थानाधिकारी गौरव सारस्वत के निर्देशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।



