


राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। आस्था, भक्ति और उत्साह का केंद्र श्री बजरंग धोरा धाम एक बार फिर हनुमान जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। 2 अप्रैल 2026 को यहां भव्य मेले का आयोजन होगा, जिसमें दूर-दूर से भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।


श्री बजरंग धोरा विकास समिति के आशीष दाधीच ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से भव्य रूप दिया गया है। विशेष रूप से सजावट के लिए जयपुर से 101 किलो मोगरा, गुलाब, हज़ारा, गेंदा, रोकडी के सुंदर और विशेष फूल मंगवाए गए हैं, जिनसे मंदिर की शोभा और भी बढ़ गई है। पंडित ब्रजमोहन दाधीच द्वारा हनुमान प्रतिमा का विधिवत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया है तथा भव्य दरबार सजाया है , जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। साथ ही मंदिर के संस्थापक रामचंद्र दाधीच तथा ओमप्रकाश दाधीच एवं सरला देवी दाधीच की मूर्तियों का पूजारी परिवार द्वारा विधिवत पूजन किया जाएगा।
मंदिर के प्रधान पुजारी मनमोहन दाधीच ने बताया कि दोपहर 12 बजे महाआरती के पश्चात बाबा को 701 किलो बूंदी प्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा, जिसे बाद में भक्तों में वितरित किया जाएगा। समिति के सचिव आशीष दाधीच ने जानकारी दी कि बाबा को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे तथा सायंकाल 7:45 बजे भव्य आरती का आयोजन होगा।
मेले के दौरान लक्ष्मण पारीक एंड पार्टी द्वारा भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। अनुज दाधीच ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्यकर्ताओं की विशेष टीम तैनात रहेगी। मंदिर समिति एवं प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिनमें पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे। हर वर्ष की भांति इस बार भी हनुमान जन्मोत्सव पर बाबा के 24 घंटे दर्शन खुले रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक भक्त दर्शन लाभ प्राप्त कर सकेंगे। सेवादारों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए चाय, पानी की नि:शुल्क व्यवस्था भी निरंतर जारी रहेगी, जो यहां की सेवा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।