Accident
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। हाईवे पर बेकाबू कार के पेड़ से टकरा जाने से हादसा हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना श्रीगंगानगर के सादुलशहर-हनुमानगढ़ स्टेट हाईवे पर बीती रात दस बजे के आसपास की है। जहां पर दोस्तों की एक कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गयी। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गयी। वहीं दो घायल हुए है।
जानकारी के अनुसार हादसा भीषण था। कार तेज रफ्तार से सफेदे के पेड़ से टकराई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि पार्टी मनाने के लिए 6 दोस्त अपने-अपने घर से बहाना करके निकले। वीडियो बनाए। रील शेयर की। इसके बाद गाते-बजाते कार ड्राइव करने लगे। इसके कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी युवक हनुमानगढ़ की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से मुश्किल से कार सवार युवकों को निकाला।
Leave a Comment