राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। दुकान लेने हेतु पगड़ी के नाम पर एंडवास लेने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस सम्बंध में कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र में श्रीडूंगरगढ़ हाला भादाणी की बगीची क्षेत्र में रहने वाले मनीष व्यास ने प्रदीप भादाणी, नेमींचद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना सिंगियों के चौक बड़ा बाजार में 10 अप्रैल की शाम की है। इस सम्बंध में प्रार्थी ने बताया कि उसे दुकान लेनी थी।

जिसके एवज में आरोपित से उसने बातचीत की और पैसे पगड़ी के नाम पर दे दिए। जिसके बाद आरोपित ने ना तो दुकान दी और पैसे भी वापिस नहीं दिए। प्रार्थी के अनुसार जब उसने पैसे मांगे तो आरोपित ने उसके साथ डंडे से मारपीट करते हुए सिर पर चोट पहुंचाई। प्रार्थी ने बताया कि इस दौरान आरोपित ने उसके पास से मूर्ति व घड़ी, 9 हजार रूपए भी छीन लिए। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




