राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। अलसुबह नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो जाने की खबर सामने आयी है। हादसा कार और ट्राले के बीच हुआ है। जिसमें आधा दर्जन लोगों की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार सिरोही में नेशनल हाईवे-27 पर एक कार ट्रॉले से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी और बेटा सहित 6 लोगों की मौत हो गई। कार में सवार सभी 7 लोग अहमदाबाद से जालोर लौट रहे थे।
एक्सीडेंट गुरुवार सुबह करीब 3 आबूरोड के किवरली में हुआ। कार में सवार सभी लोग जालोर के रहने वाले थे।हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 2 लोगों ने आबूरोड हॉस्पिटल में दम तोड़ा। एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घायलों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद से कार के कई हिस्से अलग किए गए।
एक्सीडेंट के दौरान आसपास के एरिया में जोरदार ब्लास्ट की आवाज भी सुनाई दी। हाईवे पर ही पेट्रोलिंग कर रही पुलिस वैन आवाज सुनकर सबसे पहले मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचकने से शव फंस गए। क्रेन की मदद से ट्रोले में फंसी कार को बाहर निकाला गया। शवों को निकालने के लिए कार के दरवाजे तोडऩे पड़े। करीब 40 मिनट की मेहनत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। मृतकों के शवों को मॉर्च्युरी में रखा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।