राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। तंत्र मंत्र विद्या के जरिये पैसे दुगने करने का झांसा देने के चलते तीन लोगों की मौत हो गयी। जिसमें दो लोग खुद तांत्रिक ही बताए जा रहे है। मामला खाजुवाला से जुड़ा है। जहां पर रूपए दोगुने करने को लेकर अजमेर से आए तांत्रिक ने तंत्र मंत्र विद्या के जरिये पैसे दुगने करने का झांसा दिया और लाखों रूपए हड़प लिए। जिसके बाद लोगों को प्रसाद के नाम पर नशीला प्रदार्थ मिलाकर हलवा खिलाया और मौत के घाट उतार दिया।
इस पुरे मामले में अब तक तीन लोगों की मौत हो गयी है। वहीं दो लोग अब भी बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। जानकारी के अनुसार ारोपी तांत्रिक ने सात लोगों को हलवे में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया और 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। इसमें एक व्यक्ति की तो खाजूवाला में ही मौत हो गई और दो लोगों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। जबकि, दो अन्य लोगों के शव बीकानेर से 15 किमी पहले शोभासर के पास खेत में मिले।
जानकारी के अनुसार मृतक गफार खा की अजमेर निवासी शैतानसिंह से जान-पहचान थी। शैतान सिंह बुधवार को अपने चाचा के लड़के विक्रम सिंह, एक तांत्रिक व दो अन्य को साथ लेकर खाजूवाला आया। शैतान सिंह के साथ आए व्यक्तियों में से एक ने खुद को तांत्रिक बताते हुए रुपए दोगुने करने का दावा किया और स्थानीय व्यक्ति गफार खां व उसके साथियों को जाल में फंसा लिया। यह गिरोह पिछले कई दिनों से इलाके में सक्रिय था।
अजमेर निवासी शैतान सिंह ने स्थानीय निवासी परिचित गफार से तांत्रिक और दूसरे लोगों को मिलवाया। गफार से 50 हजार लिए और गफार को एक लाख लौटाए। फिर एक लाख लेकर दो लाख लौटाए। विश्वास जमाने के बाद गफार खां, सलमान खां और राजेन्द्र पूनियां से 50 लाख रुपए मंगवाए। इसके बाद गुरुवार रात को तांत्रिक ने तंत्र विद्या के नाम पर वहां मौजूद गफार, गफार के बेटे सलमान, राजेन्द्र पूनिया, शैतानसिंह, विक्रम सिंह व दो अन्य को कथित रूप से हलवे में नशीली गोलियां खिला दीं।
पुलिस के मुताबिक, राजेन्द्र पूनिया ने 45 लाख रुपए, वहीं गफार ने पांच लाख रुपए दिए थे। बचे दोनों भुक्तभोगियों की मानें, तो नशीला हलवा सात लोगों ने खाया। एक की खाजूवाला में और दो के शव शोभासर के पास मिल गए। तांत्रिक और दो अन्य का पता नहीं चला। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई है और कई लोगों के डिटेन किए जाने की भी सूचना है।