Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। विदेशी महिला के साथ बलात्कार के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बीछवाल पुलिस ने की है। इस सम्बंध में पीडि़ता ने रिपोर्ट देते हुए बताया था कि जोधपुर के रहने वाले आरोपी दीनदयाल गौड़ उर्फ दिनेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जंाच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पीडि़ता फिलीपींस की निवासी है। वह वर्किंग वीजा पर भारत में काम कर रही है।
इन दिनों वह बीकानेर में आयोजित एक मेले में आई हुई थी। आरोपी एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाता है। आरोप है कि डिनर के बहाने वह पीडि़ता को बीछवाल थाना इलाके के एक होटल ले गया। वहां नशीला पदार्थ पिला कर महिला के साथ दुष्कर्म किया।
सीओ सदर विशाल जांगिड़ ने बताया कि आरोपी दीनदयाल गौड़ उर्फ दिनेश जेएनवी कॉलोनी क्षेत्र में एक निजी अपार्टमेंट में रहता है। वह लंबे समय से इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम कर रहा है और विभिन्न शहरों में ट्रेड फेयर और अन्य आयोजनों का संचालन करता है।
पीडि़ता भी उसके साथ इन आयोजनों में शामिल होती थी। जिस होटल में घटना हुई है, उसका मौका-मुआयना किया गया है। होटल के कर्मचारियों और अन्य गवाहों से पूछताछ की गई है। होटल के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए हैं। पीडि़ता का मेडिकल कराया जा चुका है। उसके पुलिस और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान करवाए गए हैं। आरोपी दिनेश को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।