Crime News राजस्थान 1st नयूज,बीकानेर। शादी के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना हनुमानगढ़ से जुड़ी है। इस सम्बंध में सदर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। प्रार्थी ने गांव पक्कासारणा निवासी संतराम नायक ने शिकायत दर्ज कराई है। संतराम ने बताया कि उसकी पहचान नई खुंजा निवासी कुरसेदा उर्फ कुरेशा से थी।


शादी न होने पर संतराम ने कुरसेदा से बात की, जिस पर कुरसेदा ने हरियाणा के रतिया निवासी सूरजपाल का जिक्र किया, जो रिश्ते करवाता है। कुरसेदा ने बताया कि सूरजपाल के पास एक लड़की है जिससे शादी करवाई जा सकती है। परिवादी के अनुसार, कुरसेदा ने शादी करवाने के लिए करीब 1 लाख 50 हजार रुपए खर्च आने की बात कही। संतराम ने 28 जनवरी को सूरजपाल को फोनपे के माध्यम से पांच हजार रुपये भेजे। इसके बाद 29 जनवरी को उसे हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट बुलाया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में सूरजपाल, बलकारसिंह और पूजारानी एक युवती के साथ पहुंचे। युवती का नाम खुशप्रीत कौर, पुत्री मंगासिंह, निवासी मानसा (पंजाब) बताया गया। युवती ने अपने माता-पिता की मृत्यु होने की बात कही और पूजारानी को अपनी बुआ बताया। उसी दिन कोर्ट में लिखा-पढ़ी करवाकर संतराम की शादी युवती से करवा दी गई।
संतराम ने बताया कि शादी के तुरंत बाद आरोपियों ने उससे 17 हजार रुपए फोनपे के जरिए और 1 लाख 28 हजार रुपए नकद ले लिए। इसके बाद युवती को संतराम के साथ उसके घर भेज दिया गया।
पीडि़त के अनुसार, शादी के बाद युवती लगातार बीमारी का बहाना बनाती रही और संतराम से संबंध बनाने से बचती रही। 10 फरवरी की रात परिवार के सभी सदस्य सो गए। अगली सुबह करीब पांच बजे देखा तो युवती कमरे में नहीं थी और वह नकदी, गहने और मोबाइल लेकर फरार हो चुकी थी।



