राजस्थान 1st न्यूज़,नेटवर्क। कांग्रेस नेता के घर पर लूट हो जाने की खबर सामने आई है। जयपुर में नेपाली गैंग ने कांग्रेस नेता संदीप चौधरी के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। गैंग ने नेता की मां और पत्नी को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लूट की है। घटना बुधवार सुबह वैशाली नगर थाना इलाके के आनंद नगर इलाके की है। मुख्य आरोपी नौकर पति-पत्नी के साथ उनके दो साथियों की तलाश की जा रही है। जयपुर शहर में नाकाबंदी भी कराई गई है। संदीप चौधरी बंजर भूमि विकास बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं।
जानकारी के अनुसार संदीप ने बुधवार सुबह 7.30 बजे पहले मां और फिर पत्नी को फोन किया, लेकिन दोनों ने नहीं उठाया। इसके बाद बेटी राजश्री (22) को फोन किया। राजश्री ने कमरे से निकलकर देखा तो दादी और मां दोनों कमरे में बेहोश थीं। कांग्रेस नेता फिर पड़ोस में रहने वाले भांजे को कॉल किया। भांजे ने अपने पिता को भेजा। इसके बाद सास और बहू को हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया। घटना के वक्त संदीप चौधरी का 13 साल का बेटा राजदीप भी घर पर ही था।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता के परिवार ने नेपाल के रहने वाले पति-पत्नी को 10 दिन पहले ही खाना बनाने के काम पर रखा थ। आरोपी काजल और भरत ने सुबह करीब 7.30 बजे संदीप चौधरी की मां कृष्णा (75) और उनकी पत्नी ममता (43) को चाय दी थी। इसी में उन्होंने नशीला पदार्थ मिलाया था। सास-बहू के बेहोश होने के बाद आरोपी पति-पत्नी ने दो अन्य लड़कों को मकान पर बुलाया और लूटपाट कर फरार हो गए। वहीं, बेहोशी की हालत में सास-बहू को मेट्रो मास हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।