pahalgam attack राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरना हमले के बाद से ही भारत पाकिस्तान के खिलाफ डिप्लोमेटिक निर्णय ले रहा है। लगातार आर्थिक घेराबंदी के चलते पाकिस्तान में हड़कंप सा माहौल है। इसी बीच एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान के व्यापार पर करारी चोट की है।
केन्द्र की मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान से आयात पर बैन लगा दिया है। भारत सरकार ने पाकिस्तान में पैदा होने वाली या वहां से आने वाली सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है, चाहे वो वस्तुएं स्वतंत्र रूप से आयात योग्य हों या विशेष अनुमति से आयात होती रही हों।
भारत ने आयात बैन करने से जुड़े फैसले से ये स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को शह देता रहेगा, तब तक उससे कोई प्रकार का सहयोग नहीं किया जाएगा चाहे वह व्यापारिक हो या कूटनीतिक। इस फैसले का पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर काफी असर पडऩे वाला है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पहले से ही भारी संकट में है। भारत से आयात पर प्रतिबंध लगने से पाकिस्तान के कुछ उद्योगों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा, विशेषकर उन पर जो भारत पर निर्भर थे। पाकिस्तान से सीधे आयातित वस्तुओं में सीमेंट,ड्राई फ्रूट शामिल है।
Leave a Comment