तिरूपति मंदिर को लेकर सीएम नायडू का बड़ा बयान
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। आस्था के केन्द्र आंध्रप्रदेश के तिरूपति मंदिर को लेकर बड़ी खबर सामने आयी है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने पिछली जगन मोहन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए है। चंद्रबाबू ने बुधवार को कहा- पिछले 5 साल में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने तिरुमाला की पवित्रता को धूमिल किया। उन्होंने अन्नदानम (मुफ्त भोजन) की गुणवत्ता से समझौता किया।
यहां तक कि तिरुमाला के पवित्र लड्डू में घी की जगह जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया। हालांकि अब हम प्रसादम में शुद्ध घी का इस्तेमाल कर रहे हैं। हम तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम की पवित्रता की रक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
जिसके बाद से सोशल मीडिया यूजर आग बबूला है। कुछ ही घंटो में ‘घी’,’तिरूपति लडडू’,चन्द्रबाबू नायडू टै्रडिंग में है।
सोशल मीडिया यूजर लिख रहे हैं कि सनातन की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं भाजपा नेता राजा सिंह ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। कई यूजर इसको लेकर तरह-तरह के पत्र वायरल कर रहे हैं और प्रसाद में चर्बी की पुष्टि कर रहे हैं।
बता दे कि श्री वेंकटेश्वर मंदिर आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में तिरुमाला पहाड़ी पर बना है। यह तिरुपति बालाजी मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित है। इन्हें भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है। मान्यता है कि भगवान वेंकटेश्वर ने लोगों को कलियुग के कष्टों और परेशानियों से बचाने के लिए अवतार लिया था।