Bikaner Rang Police Action राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ दो सक्रिय सदस्यों को पकड़ा है। यह कार्रवाई आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में हनुमानगढ़ में की गयी है। जहां पर पुलिस टीमों ने बंबीहा गैंग से जुड़े 2 बदमाशों को हथियारों के बड़े जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन और पवनदीप सिंह उर्फ बिला उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। ये दोनों पंजाब के फरीदकोट जिले के बरगाड़ी निवासी हैं।


इस संबंध में बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश ने लखुवाली पुलिस चौकी में जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि गैंगस्टर और उनके नेटवर्क के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत इन दोनों आरोपियों को हथियारों सहित पकड़ा गया।
आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि इन हथियारों का उपयोग पंजाब में गैंगवार के लिए होना था। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों से भारी खून-खराबा हो सकता था, लेकिन हनुमानगढ़ पुलिस ने समय रहते आरोपियों को पकड़कर एक बड़ी वारदात को टाल दिया।
पुलिस ने एक बस की जांच के दौरान 2 संदिग्ध युवक उतरकर मुख्य नहर के पटड़े की ओर जाने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में उनके बैग से 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन बरामद हुईं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चैन के संबंध में जांच जारी है।



