Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। कोलायत क्षेत्र के युवाओं के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित स्टेडियम निर्माण को लेकर अब सकारात्मक प्रगति दिखाई देने लगी है। विधायक अंशुमान सिंह भाटी की लगातार मॉनिटरिंग और उच्च अधिकारियों से समन्वय के प्रयासों का परिणाम है कि बुधवार को रूडसीको की तकनीकी टीम ने प्रस्तावित स्टेडियम स्थल पर पहुंचकर जमीन का विस्तृत सर्वे किया। टीम ने स्टेडियम के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण कर निर्माण से जुड़ी आवश्यक तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।


मौके पर जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष, करणी सिंह स्टेडियम के वरिष्ठ सहायक अधिकारी तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देवेंद्र गहलोत भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेडियम के संभावित स्वरूप, मैदान की बनावट, दर्शक दीर्घा तथा अन्य खेल सुविधाओं को लेकर प्रारंभिक चर्चा भी की।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि कोलायत क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित संसाधनों के अभाव में उन्हें आगे बढऩे का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम निर्माण की योजना को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण के लिए सभी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली गई हैं तथा बजट से संबंधित पूरा लेखा-जोखा भी तैयार है।
भाटी ने स्पष्ट किया कि स्टेडियम निर्माण के लिए बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और सरकार के सहयोग से इसे क्षेत्र का एक आदर्श खेल परिसर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम केवल एक खेल मैदान नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा।
जिला खेल अधिकारी सुरेन्द्र हर्ष ने भी विश्वास जताया कि प्रस्तावित स्टेडियम को खेल गतिविधियों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के निर्माण में गुणवत्ता और भव्यता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि भविष्य में यहां जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकें।
स्थानीय लोगों और खिलाडिय़ों ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढऩे का बेहतर अवसर मिलेगा। इससे नई खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी और क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।



