गैस सिलेंडर से भरे वाहनों पर रहेगी निगरानी, जरूरत पड़ी तो गैस वितरण केन्द्र पर तैनात होगी पुलिस

Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। मध्य-पूर्व में जारी युद्ध की स्थिति को देखते हुए घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सतर्कता को और बढ़ा दिया है। जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए जिले में गैस वितरण और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

 

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था और आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर, जिला रसद अधिकारी तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के बीच प्रतिदिन समन्वय रखा जा रहा है, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत समाधान किया जा सके।

 

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए आमजन 112, 181 और 1445 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पैनिक करने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट विजिलेंस यूनिट का गठन जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) की अध्यक्षता में किया गया है। यह यूनिट अवैध भंडारण, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर 24 घंटे निगरानी रखेगी। संभावित अवैध रिफिलिंग स्थलों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

 

शर्मा ने कहा कि जरूरत पडऩे पर गैस वितरण केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। साथ ही सभी एलपीजी वितरण केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को अभय कमांड सेंटर से जोडऩे के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गतिविधियों की लगातार निगरानी हो सके।

उन्होंने बताया कि एलपीजी सिलेंडरों से भरे वाहनों की सुरक्षा और मूवमेंट पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।जिला रसद अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस आपूर्ति को लेकर घबराहट या अनावश्यक भंडारण से बचें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!