Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। सेना के जवान के साथ एड्रेस अपडेट के बहाने से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। इस सम्बंध में महाजन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवायी है। घटना 09 मार्च की है। इस सम्बंध में सेवा के जवान उपेंद्र कुमार, जो बिहार के औरंगाबाद के निवासी हैं, अपनी बटालियन के साथ महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में युद्ध अभ्यास के लिए आए हुए थे। उपेंद्र कुमार अपनी एक स्पीड पोस्ट का इंतजार कर रहे थे।


इसी दौरान उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कोरियर बॉय बताया और स्पीड पोस्ट का पता अपडेट करने के लिए कहा। धोखेबाज ने जवान को एक क्यूआर कोड भेजा और उस पर 5 रुपए ट्रांसफर करने का निर्देश दिया। उपेंद्र ने पहले अपने एक्सिस बैंक खाते से प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने अपने पीएनबी खाते से उस क्यूआर कोड पर 5 रुपए ट्रांसफर कर दिए। रुपए ट्रांसफर होने के बाद स्क्रीन पर एक फॉर्म खुला, जिसमें उपेंद्र ने अपना पता अपडेट कर दिया। शाम तक कोरियर वाले लड़के का कोई फोन नहीं आया, तो उन्हें शक हुआ। देर शाम जब उन्होंने अपने खाते चेक किए, तो दोनों खातों से कुल 3 लाख 64 हजार 405 रुपए गायब मिले। उन्होंने तुरंत 1930 पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज करा दी थी। युद्ध अभ्यास में व्यस्त होने और सेना अधिकारियों से अनुमति न मिलने के कारण उपेंद्र तुरंत थाने में परिवाद दर्ज नहीं करा सके थे। बुधवार को उन्होंने महाजन थाने में मामला दर्ज करवाया।




