Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में बीते दिनों कोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद मंगलवार को एक बार फिर बम की धमकी मिली। इस बार धमकी मुख्य डाकघर को लेकर ईमेल की जरिये दी गयी। जिसमें मुख्य डाकघर को साइनाइड बम से उडाने की धमकी दी गयी। जैसे ही इसकी सूचना डाकघर के कर्मचारियों को मिली तो हड़कंप मच गया। तुरंत प्रभाव से कर्मचारी बाहर निकल गए और पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गयी।


धमकी मिलने के बाद एहतियातन हेड पोस्ट ऑफिस के पूरे परिसर को खाली करवा लिया गया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तलाशी के दौरान अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। फिलहाल सभी डेढ़ सौ कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस और डॉग स्क्वायड हेड पोस्ट ऑफिस के चप्पे चप्पे की छानबीन कर रही है।
ईमेल में लिखा गया है कि पूरे परिसर को साइनाइड बम से उड़ा दिया जाएगा और इसे सामान्य धमकी नहीं समझा जाए। ईमेल में कोयंबटूर में सक्रिय अल-बदर नेटवर्क का भी जिक्र किया गया है। साथ ही दावा किया गया है कि दो हजार करोड़ रुपए के ड्रग मामले में डीएमके नेता जाफर सादिक की गिरफ्तारी केवल एक धोखा है। फिलहाल पुलिस मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह संदेश कहां से भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्क हो गई हैं।



