
Bikaner News फिर सजेगा बीकानेर थिएटर फेस्टिवल का मंच
राजस्थान फस्र्ट न्यूज,बीकानेर। बीकानेर में दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन जिला प्रशासन बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम , विरासत संवर्धन संस्था, हंसराज डागा चैरिटेबल ट्रस्ट , अनुराग कला केंद्र की ओर से किया जा रहा है। यह रंगोत्सव प्रख्यात रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित होगा, जो नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के निदेशक रह चुके हैं । फेस्टिवल में देशभर से लगभग 20 नाट्य प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, विभिन्न राज्यों से आने वाली नाट्य संस्थाएं सामाजिक, ऐतिहासिक और समकालीन विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां देंगी, जिससे दर्शकों को विविध रंगशैलियों का अनुभव मिलेगा ।



इस संबंध में आज विन्सम स्कूल में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन की रूपरेखा साझा की गई। प्रेस वार्ता में हंसराज डागा , सुरेश हिंदुस्तानी, विजय सिंह राठौड़, स्कूल संचालक सुरेंद्र धारणिया, सुधेश व्यास, प्रदीप भटनागर , हरिशंकर आचार्य सहित अनेक रंगकर्मी और कला प्रेमी उपस्थित रहे । हंसराज डागा ने कहा कि अनुराग कला केंद्र द्वारा लगातार दस वर्षों से इस फेस्टिवल का आयोजन करना बीकानेर के लिए गौरव की बात है। यह आयोजन शहर में सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बना रहा है । विजय सिंह राठौड़ ने बताया कि इस बार का फेस्टिवल राष्ट्रीय स्तर का होगा और 20 नाटकों के माध्यम से दर्शकों को विविध विषयों से रूबरू कराया जाएगा । युवा शिक्षाविद सुरेंद्र धारणिया ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति का गहरा संबंध है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति का विकास करते हैं ।
सुधेश व्यास व सुरेश हिंदुस्तानी कहा कि बीकानेर की रंगपरंपरा समृद्ध रही है और इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को मंच और पहचान मिलती है। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से रंगमंच से जुडऩे का आह्वान किया । विजय राठौड़ ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर फेस्टिवल को सफल बनाने की अपील की । आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल शहर की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करेगा। इस दौरान शहर के प्रबुद्ध रंगकर्मी मौजूद रहे।
बाइक रैली ने बीकानेर शहर को रंगा बीकानेर थिएटर फेस्टिवल के रंग में
इससे पूर्व 10वें बीकानेर थिएटर फेस्टिवल के उपलक्ष्य में आज शहर में एक अनोखा आयोजन हुआ। बीकानेर के पहले बाइक रैली में लगभग 40 सवारों ने हिस्सा लिया और थिएटर, संस्कृति, एकता और उत्साह का प्रदर्शन किया । अरमान हुसैन और सलीम खान के नेतृत्व में सन्डे राइडर्स जेएनवी सर्कल से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जिसमें अनुभवी और नए सवारों ने हिस्सा लिया । सवारों ने अपने शानदार बाइकों और आकर्षक परफॉरमेंस सें शहरवासियों का दिल जीत लिया। इस बाइक रैली का उद्देश्य बीकानेर के सवारों को एक मंच पर लाना और शहर 24 फरवरी से 1 मार्च होने वाले बीकानेर थिएटर फेस्टिवल की जानकारी देना था 7 रंगमंच के इस महाकुम्भ में संस्कृति और एकता को प्रदर्शित करने के बाद आयोजन समिति ने बताया कि यह रैली सफल रही और आगे भी इस तरह के आयोजन होते रहेंगे।


