Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाखों की शराब जब्त की है। पुलिस ने डाक पार्सल लिखी गाड़ी को भी जब्त किया है। यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर महाजन पुलिस टीम ने की है। थानाधिकारी भजनलाल लावा की अगुवाई में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दस लाख की अवैध शराब को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस वे पर जैतपुर के पास गश्त के दौरान हनुमानगढ़ की तरफ से आ रही एक बंद बॉडी पिकअप को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप में पंजाब निर्मित 150 पेटी बीयर व 30 पेटी अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। जिसकी बाजार में कीमत करीब दस लाख रुपए है। पुलिस ने पिकअप चालक डाबली सरा जिला बाड़मेर निवासी जोगाराम से पूछताछ की तो उसने कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया। पुलिस ने अवैध शराब सहित पिकअप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सीआई भजनलाल लावा कर रहे है।




