राजस्थानी कवि सम्मेलन और राजस्थानी रसधार का होगा आयोजन,पोस्टर का किया विमोचन-Bikaner News 

Bikaner News 
राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। आधुनिक राजस्थानी कहानी के जनक मुरलीधर व्यास राजस्थानी की 127वीं जयंती के अवसर पर 10 अप्रैल को मुरलीधर व्यास राजस्थानी स्मृति संस्थान की ओर से राजस्थानी कवि सम्मेलन राजस्थानी रसधार का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था अध्यक्ष श्रीनाथ व्यास ने बताया कि इस कवि सम्मेलन में वरिष्ठ गीतकार शंकर सिंह राजपुरोहित, कवयित्री मोनिका गौड़, युवा गीतकार विप्लव व्यास, छैलू चारण छैल तथा अकादमी के युवा पुरस्कार से सम्मानित कवि देवीलाल महिया कविता पाठ करेंगे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार हरीश बी. शर्मा द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन आज किकणी व्यासों के चौक में किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविद् नारायण व्यास ने कहा कि यह आयोजन परकोटे की ऐतिहासिक साहित्यिक परंपरा को पुनर्जीवित करने का कार्य करेगा। मुरलीधर व्यास राजस्थानी हमारे शहर के ऐसे मूर्धन्य साहित्यकार थे, जिनकी रचनाएँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।
शिक्षाविद् मदनमोहन व्यास एस.पी. ने कहा कि मुरलीधर व्यास राजस्थानी राजस्थानी भाषा की अनमोल धरोहर हैं, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राजस्थानी भाषा की सेवा में समर्पित कर दिया। यह प्रसन्नता की बात है कि संस्था ने इस आयोजन की जिम्मेदारी ली और ऐसे आयोजन का निर्णय लिया।
वहीं, साहित्यकार ब्रजेश्वर व्यास ने कहा कि मुझे याद है, ऐसा ऐतिहासिक कवि सम्मेलन 90 के दशक में हुआ था। ऐसे आयोजनों से लोग राजस्थानी भाषा और साहित्य के संपर्क में आएँगे। किसी भी स्थान की सभ्यता, संस्कृति और भाषा उसकी पहचान होती है।
मनमोहन व्यास ने कहा कि यह आयोजन राजस्थानी साहित्य को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर सत्यनारायण व्यास, रामकुमार व्यास, रविंद्र व्यास, अविनाश, कुलदीप, विवेक, जितेंद्र, शुभम, भुवनेश, भगवानदास व्यास, शंकर लाल चुरा, राम काका, युवा नेता मोहन गोपाल पुरोहित, गोपाल पुरोहित, गौरांग व्यास, गोपाल व्यास (काला महाराज), गोकुल जोशी, अनुराग व्यास, दीपक व्यास आदि चौक के गणमान्य व्यक्तियों ने पोस्टर का अनावरण कर कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!