राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को जबरन जहर पिलाकर मारने की खबर सामने आयी है। घटना हनुमानगढ़ के सदर थाना क्षेत्र की हे। जहां पर गांव पक्कासारणा में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद अब पीहर पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। इस सम्बंध में मृतका की मां इंदिरा देवी ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि उसकी पुत्री सुमन की शादी करीब 9 वर्ष पूर्व इन्द्राज के साथ हुई थी।
उसकी पुत्री गांव पक्कासारणा के पास खेत में बनी ढाणी में अपने पति व बच्चों के साथ रहती थी। शादी के बाद से ही सुमन का पति इन्द्राज, ससुर हरीकृष्ण, सास गुड्डीदेवी, जेठ सुरेन्द्र कुमार, जेठानी सुनीता उर्फ रानी उसकी पुत्री को कम दहेज लाने की बात कहकर ताने मारने लगे। उससे मारपीट करते।कई बार पंचायत भी हुई। पंचायत में ससुराल पक्ष के लोग अपनी गलती स्वीकार कर उसकी पुत्री को अपने साथ घर ले जाते।
ससुराल पक्ष के लोग बेटे के जन्म के बाद छुछक में 1 लाख रुपए व बाइक की मांग को लेकर उसकी पुत्री सुमन को परेशान करने लगे। अक्सर सुमन के साथ मारपीट करते। बुधवार की शाम करीब 6 बजे सुमन ने उसे कॉल कर रोते हुए बताया कि आरोपित ने उसके साथ मारपीट की व जान से मारने के लिए उसे बांधकर जहर पिला दिया है। मुझे इनसे बचा लो। ऐसा कहते हुए सुमन ने कॉल काट दी।
प्रार्थिया ने बताया कि इस सूचना पर उसके घर के लोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो उसकी पुत्री ढाणी से बाहर करीब आधा किलोमीटर चलकर आ गई व रास्ते में पड़ी थी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में सुमन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करा जांच शुरू कर दी है।