राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। प्रदेश में कल 14 अप्रैल की सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल की 8 बजे तक निजी अस्पताल पुरी तरीके से बंद करने का एलान किया गया है। निविक अस्पताल के निदेशक डॉ. सोमदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशभर के निजी चिकित्सकों ने 24 घंटे की हड़ताल का ऐलान किया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) राजस्थान के आह्वान पर राज्य की सभी निजी चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

इस पूरे प्रकरण से चिकित्सकों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि संबंधित मामले की जांच के लिए गठित मेडिकल बोर्ड ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई, इसके बावजूद आरजीएचएस से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आधार पर गिरफ्तारी की गई, जो अनुचित है। सरकारी चिकित्सक पूर्ण हड़ताल में शामिल नहीं होंगे, लेकिन वे विरोध प्रदर्शन कर अपना समर्थन जताएंगे ।
आईएमए ने आरजीएचएस योजना में व्याप्त समस्याओं भुगतान में देरी, पेनल्टी और जटिल प्रक्रियाओं के विरोध में निजी अस्पतालों की ओर से आरजीएचएस सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का भी निर्णय लिया है ।
डॉक्टरों ने प्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से चिकित्सा पेशे की गरिमा प्रभावित होती है और डॉक्टरों के स्वतंत्र रूप से कार्य करने पर असर पड़ता है । आपात बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार हड़ताल के दौरान निजी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, पैरामेडिकल सेवाएं सहित सभी संबंधित सुविधाएं बंद रहेंगी। यहां तक कि इमरजेंसी सेवाएं भी स्थगित रखने का फैसला लिया गया है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।




