राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। बीकानेर न्यायालय को सोमवार को उड़ाने की धमकी भरा ईमेल सामने आया। जिसके बाद कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया और एतिहात के तौर पर गेट बंद कर दिए गए। घंटो की मशक्कत के बाद कोर्ट परिसर में कुछ भी फिलहाल संदिग्ध नहीं मिला है। बीकानेर में बीते करीब एक महीने में दूसरी बार कोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी मिली है।

ईमेल के जरिये मिली इस धमकी में बीते दिनों तमिलनाड़ू न्यायालय के एक आदेश का जिक्र किया गया है। ई-मेल में लिखा- मौत की सजा पाने वाले पुलिसकर्मी बेकसूर थे। असली दोषी वे राजनीतिक आका और पुलिस प्रमुख हैं, जो तमिलनाडु के मंत्रियों के इशारे पर निचले स्तर के पुलिसकर्मियों पर दबाव डालते हैं कि वे इस तरह की कस्टोडियल यातनाएं दें या गैर-कानूनी आदेशों का पालन करें।
वहीं लिखा- मैथ्यू वैनडाइक और जाफर सादिक को रिहा करो, अन्यथा सोमवार दोपहर 1:15 बजे अदालत में साइनाइड गैस से भरे 14 बमों से धमाका किया जाएगा। एक महीने में दूसरी बार मिली इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले मार्च के पहले सप्ताह में भी बीकानेर और लूणकरनसर कोर्ट परिसर को ई-मेल के जरिए धमकी मिल चुकी है।




