राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ 11 अप्रैल को बीकानेर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने तथा सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ प्रात: 7:55 बजे ट्रेन मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे तथा सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। इसके पश्चात वे सुबह 11 बजे भाजपा बीकानेर शहर की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे भाजपा बीकानेर देहात की बैठक आयोजित होगी।
जिसमें देहात क्षेत्र के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे जिसमें पार्टी की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं संगठन सुदृढ़ीकरण को लेकर चर्चा की जाएगी। श्याम पंचारिया ने बताया कि इन बैठकों के माध्यम से प्रदेशाध्यक्ष कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने एवं आगामी रणनीति पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ शाम 4 बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे, जिसमें वे प्रदेश एवं केंद्र सरकार की नीतियों, संगठन की गतिविधियों तथा समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। इसके पश्चात सांय 5 बजे महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में भाग लेकर उनके आदर्शों एवं समाज सुधार में उनके योगदान को स्मरण करेंगे।
दौरे के अंत में प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ रात्रि 11:10 बजे ट्रेन मार्ग से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया एवं पार्टी पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में उपस्थित रहने का आह्वान किया है, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।



