


राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में डूबने से दो युवकों की मौत हो जाने ओर एक के घायल हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना हनुमानगढ़ के जंक्शन क्षेत्र से जुड़ी है। जहां बेबी हैप्पी कॉलेज के नजदीक सादुल ब्रांच नहर में तीनों युवक पूजन सामग्री विसर्जन के लिए नहर पर पहुंचे थे। बताया गया कि संतुलन बिगडऩे से वे नहर में गिर गए और तेज बहाव में बहने लगे।


आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आपदा प्रबंधन टीम की सहायता से तीनों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया। मौके पर एक युवक की हालत सामान्य थी, जबकि दो की स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
तीनों युवकों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मोहित स्वामी और अमन को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक मोहित का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।