


Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के अन्तर्गत साहित्य अकादमी, नई दिल्ली द्वारा एशिया का सबसे बड़ा साहित्योत्सव ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स 2026’ आगामी 30 मार्च से 04 अप्रेल तक रवीन्द्र भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इस साहित्योत्सव में बीकानेर से पांच साहित्यकार सहभागिता निभा रहे हैं। प्रख्यात साहित्यकार, रंगकर्मी एवं पत्रकार मधु आचार्य आशावादी 30 मार्च को पैनल चर्चा ‘मैं क्यों लिखता हूं’ पर इन्द्रावती सभागार में अपनी बात रखेंगे।


युवा कवि एवं आलोचक डॉ.ब्रज रतन जोशी 31 मार्च को कावेरी सभागार में बहुभाषी कविता पाठ में ‘हवा में मर्मर ध्वनियां’ आयोजन में अपना हिंदी कविता पाठ करेंगे। देश के लब्ध प्रतिष्ठ साहित्यकार, आलोचक डॉ.नन्द किशोर आचार्य 02 अप्रेल को यमुना सभागार में ‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में साहित्य की भूमिका (विशेष संदर्भ वंदे मातरम के 150 वर्ष) विषय पर पैनल चर्चा में शामिल होंगे। 02 अप्रेल को बहुभाषी कविता पाठ में ‘विचारोत्तेजक लालित्य’ विषय पर आधारित आयोजन में उर्दू का प्रतिनिधित्व करते हुए शायर अमित गोस्वामी अपना कलाम पढेंगे। 04 अप्रेल को इन्द्रावती सभागार में ‘आत्मा की आवाज’ बहुभाषी कविता पाठ में युवा साहित्यकार, अनुवादक व कवि संजय पुरोहित राजस्थानी में काव्यपाठ प्रस्तुत करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस साहित्योत्सव में देश भर से 650 साहित्यकार प्रतिभागिता कर रहे हैं। इनमें 50 भारतीय भाषाओं को प्रतिनिधित्व मिल रहा है और इस आयोजन में 100 से अधिक सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।