Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते भारत सहित अनेक देशों में पेट्रोलियम,गैस से जुड़े सामान को लेकर असमंजस की स्थितियां बनी हुई है। ऐसे हालातों से निपटने के लिए लगातार दिशा निर्देश किए जा रहे हैं। प्रदेश में गैस सप्लाई को लेकर उठ रहे सवालों के बीच केंद्र सरकार ने राजस्थान को 10 प्रतिशत अतिरिक्त कमर्शियल एलपीजी आवंटन की मंजूरी दी है। वहीं राज्य सरकार ने साफ किया है कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और आमजन को घबराने की जरूरत नहीं है।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि यह अतिरिक्त आवंटन प्रदेश के व्यवसायों की ऊर्जा जरूरतों को मजबूती देगा और आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पेट्रोलियम और गैस क्षेत्र में किए गए सुधारों तथा समय पर मंजूरियों के कारण केंद्र से यह राहत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आवश्यक सेवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
दूसरी ओर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने एलपीजी आपूर्ति को लेकर विभागीय अधिकारियों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर घरेलू गैस सप्लाई पर नहीं पड़ा है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के तीन से चार दिन के भीतर सिलेंडर मिल रहे हैं। एक समय में बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग होने से सर्वर में अस्थायी समस्या आई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है।



