Baba Kedarnath राजस्थान 1st न्यूज, नेटवर्क। बाबा केदारनाथ के धाम के कपाट खुलने की तारीखों का आज एलान कर दिया गया है। हर वर्ष महाशिवरात्रि पर बाबा के धाम के कपाट खुलने की तारीखों की घोषणा की जाती है । इसी क्रम में आज पांचवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को सुबह आठ बजे वृष लग्न में खोले जाएंगे। इसकी घोषणा शिवरात्रि पर्व पर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में की गई। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि पहले ही तय हो चुकी है। यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया पर्व पर 19 अप्रैल को खोले जाने हैं, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे। इसी के साथ चारधाम यात्रा पूर्णता प्राप्त कर लेगी।


बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में तय की गई।
बताया कि धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया 18 अप्रैल ओंकारेश्वर मंदिर में केदारपुरी के रक्षक बाबा भैरवनाथ पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगी। 19 अप्रैल बाबा पंचमुखी उत्सव डोली ऊखीमठ से फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड व 21 अप्रैल केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल को सुबह विधि-विधान से धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे।

