Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। नोखा क्षेत्र में गाड़ी के पलटने और हजारों रूपए पार हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना सोमलसर के पास की है। इस सम्बंध में केशरदेसर जाटान निवासी जेठाराम ने नोखा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।
शिकायत के अनुसार, जेठाराम का डंपर 18 जनवरी की शाम करीब 6: 30 बजे नोखा से सांडवा जा रहा था। ग्राम सोमलसर के पास अचानक डंपर पलट गया। ड्राइवर गोपालराम पुत्र हड़मानाराम, निवासी सोमलसर को लोगों ने गाड़ी से बाहर निकाला।


ड्राइवर ने जेठाराम को फोन पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद जेठाराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब ड्राइवर क्रेन लेकर रात करीब 8 बजे मौके पर पहुंचा, तो वहां मौजूद लोगों ने जानकारी दी कि दुर्घटना के बाद गांव के ही रहने वाले दो व्यक्ति गाड़ी के केबिन में घुस गए थे। वे काफी देर तक टॉर्च जलाकर कुछ ढूंढ रहे थे और फिर अचानक वहां से चले गए।
जेठाराम और ड्राइवर ने गाड़ी को सीधा करवाने के बाद केबिन की जांच की। उन्होंने पाया कि ड्राइवर सीट के पीछे सीट कवर में बनी जेब से 48,000 रुपए गायब थे। जेठाराम ने आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्तियों ने ही ये रुपए चुराए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों से रुपए वापस दिलाने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन उन्होंने रुपए नहीं लौटाए।


