Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। केन्द्र सरकार ने आज बजट पेश किया। जिसमें विकसित भारत के सपने का साकार देने के दावे के साथ कई तरह की घोषणाएं की गयी। भाजपा समेत एनडीए के सभी सहयोगियों ने इस बजट को सराहा और आमजन से जुड़ा हुआ बताया। वहीं कांग्रेस सही अन्य विपक्षी दलों ने कोसते हुए केवल मात्र खानापूर्ति ही बताया।


जाने क्या बोले बीकानेर के जनप्रतिनिधि

महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने वाला बजट है- सिद्धि कुमारी
बीकानेर पूर्व विधानसभा विधायक सिद्धि कुमारी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं के हितों का अच्छे से ध्यान रखा है।महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने वाला बजट है। आज बजट के दिन सरकार ने देश की आधी आबादी यानी महिलाओं और छात्राओं के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। हम सब जानते हैं कि हमारे देश मे बहुत सी लड़कियां पढऩे बहुत तेज होती हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई अक्सर प्रतिभा की कमी से नही बल्कि घर से दूर रहने की सुरक्षित जगह न मिलने की वजह से रुक जाती है। इसी बड़ी समस्या को समझते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज ऐलान किया कि अब देश के हर जिले मे उच्च शिक्षा संस्थानो के लिए खास तौर पर गर्ल्स हॉस्टल बनाए जाएंगे। यह खबर उन लाखो परिवारों के लिए राहत लेकर आई है जो अपनी बेटियों को बाहर पढ़ाना तो चाहते हैं लेकिन सुरक्षा की चिंता मे पीछे हट जाते थे। पढ़ाई के साथ-साथ जो महिलाएं अपना छोटा-मोटा काम करती है या स्टार्टअप चलाती हैं उनके लिए भी बजट में एक कमाल की घोषणा हुई है।

केंद्रीय बजट 2026-27 गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा की तकदीर बदलने वाला दूरदर्शी बजट- विधायक अंशुमान सिंह भाटी
1 फऱवरी 2026- केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कोलायत के युवा विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने इसे आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला, दूरदर्शी और समावेशी बजट बताया।
विधायक भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट आंकड़ों का नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का स्पष्ट रोडमैप है, जिसमें गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक, व्यापारी और मध्यम वर्ग – सभी को केंद्र में रखा गया है।
भाटी ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए 1,62,671 करोड़ रुपये का प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। आधारित एग्री टूल्स की शुरुआत से कृषि क्षेत्र में तकनीक का समावेश होगा, जिससे उत्पादन, गुणवत्ता और किसानों की आमदनी में वृद्धि सुनिश्चित होगी।
विधायक भाटी ने कहा कि हर जिले में महिला छात्रावास की घोषणा मातृ शक्ति को सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम है, जिससे बालिकाओं की शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी। महिला स्व-सहायता समूहों, कौशल विकास और उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खादी और हथकरघा को सशक्त बनाने हेतु ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होगी।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश स्थानीय उद्योग, व्यापार और रोजगार को नई गति देगा। पर्यटन, कौशल प्रशिक्षण और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देकर ग्रामीण व शहरी युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
भाटी ने कहा कि यह बजट स्पष्ट करता है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल नारा नहीं, बल्कि मोदी सरकार का संकल्प है, जिसमें वर्ष 2047 तक भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने की ठोस रूपरेखा प्रस्तुत की गई है।
अंत में विधायक भाटी ने कहा केंद्रीय बजट 2026-27 गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और मध्यम वर्ग को सशक्त करने वाला, गांव और किसान की तस्वीर व तकदीर बदलने वाला ऐतिहासिक बजट है। यह बजट विकसित भारत की दिशा में निर्णायक कदम है।”
आमजन के लिए कौई फैसला नहीं बजट से बड़े समूह की आशाएं धराशाई – नितिन वत्सस
भारत सरकार द्वारा आज पेश किए गए बजट में आमजन को कोई राहत या ठोस योजना देकर भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका शासन भारत की सबसे बड़ी आबादी मध्यमवर्ग के लिए नहीं है। टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं, रसोई गैस पेट्रोल डीजल के दाम कम ना करना इस बजट की बड़ी विफलता है जिस से आमजन की आशाएं धराशाई हो गई है उलटे व्यावसायिक गैस के दाम बढ़ाकर यह स्पष्ट संकेत है कि जल्द ही घरेलू गैस के दाम बढ़ाए जाएंगे जो कि भारत की आधी आबादी महिलाओं पर कुठाराघात साबित होगा यह बजट देश के धनाढ्य वर्ग को खुश करने का बजट है एम्स और नई सुगम रेल लाइनों की घोषणा मुंगेरीलाल के हसीन सपने है क्योंकि पूर्ववर्ती घोषणाएं भी आज तक नहीं पूरी हुई तो नई घोषणा सिर्फ लोकलुभावन प्रयास है

ईआरसीपी और यमुना लिंक योजनाओं के लिए कोई घोषणा नहीं- ब्लॉक अध्यक्ष कमल साध
कांग्रेस जस्सूसर मंडल के अध्यक्ष कमल साध एडवोकेट ने केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वित्त मंत्री ने बजट में अनेक प्रदेशों की योजनाओं का उल्लेख किया परन्तु राजस्थान की ईआरसीपी और यमुना लिंक योजनाओं के लिए कोई घोषणा नहीं की जो प्रदेश की जनता के साथ छलावा है जबकि केन्द्र के मंत्री ने अपनी मौजूदगी में मध्य प्रदेश और हरियाणा के साथ समझौते करवाए थे।
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने इस बजट को रोजगारोन्मुखी बताने का प्रयास किया है जो दर्शाता है कि बीजेपी सरकार ने यह स्वीकार कर लिया है कि बेरोजगारी चरम पर पहुंची हुई है। उन्होंने कहा कि बजट में दिखाए गए कदमों से बेरोजगारी कम नहीं होने वाली क्योंकि निम्न और निम्न मध्यम वर्ग में महंगाई के कारण खपत बढ़ नहीं पा रही है, ऐसे में सरकार को हर हालत में सरकारी पूंजीगत व्यय को और बढ़ाने पर जोर देना होगा।

बजट को बताया निराशाजनक- नित्यानंद पारीक
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अभाव अभियोग के प्रदेश उपाध्यक्ष नित्यानंद पारीक ने बजट को पूरी तरह निराशाजनक बताया। पारीक ने कहा कि बजट गरीब ,मजदूर ,किसान,मध्यम वर्ग के खिलाफ है। युवा वर्ग को रोजगार प्रदान करने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। यह बजट पूरी तरह से जनता को गुमराह करने वाला बजट है, आम नागरिक को कोई राहत प्रदान नहीं किया गया ।

दिशाहीन व भारतीय मुद्रा की वैल्यू घटाने वाला बजट है-मकसूद अहमद
पूर्व महापौर बीकानेर एवं पीसीसी सदस्य हाजी मक़सूद अहमद ने केन्द्रीय बजट दिशाहीन व भारतीय मुद्रा की वैल्यू घटाने वाला बजट बताते हुए कहा केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमन द्वारा पेश किया गया बजट सिफऱ् विकसित भारत व स्मार्ट सिटी के सपने दिखा ने वाला बजट है। गऱीब बेरोजग़ारी किसान मिडिल वर्ग के साथ छलावा है। यह बजट बुनियादी ढाँचे को कमज़ोर करने वाला है। यह बजट देश को विदेश नीति के हवाले करने वाला बजट है। फर्टिलाइजर्स की तरफ़ कोई ध्यान नहीं दिया गया है जो किसानों के लिए निराशाजनक है।राजस्थान के साथ भी सौतेला व्यवहार किया गया है।

ये बजट गांव और गरीब की, कृषि और किसान की तस्वीर तथा तकदीर बदलने वाला बजट है मोदी सरकार का किसानों के लिए बहुत बड़ा तोहफा है- श्याम पंचारिया
बीकानेर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा यह बजट केवल आंकड़ों का बजट नहीं है। बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप है। वर्ष 2026-27 का बजट गांव और गरीब की, कृषि और किसान की तस्वीर तथा तकदीर बदलने वाला बजट है। भारतीय कृषि विकसित बने और किसान आत्मनिर्भर हों इसके लिए बजट में कृषि तथा संबद्ध क्षेत्र हेतु 1,62,671 करोड़ का प्रावधान किया है। किसानो के लिए एग्री टूल की शुरुआत कृषि क्षेत्र में तकनीक के समावेश से उत्पादन बढ़ान मे मदद करेगी। ये मोदी सरकार का किसानों के लिए बहुत बड़ा तोहफा है, किसान, युवा, महिलाएं मुझे लगता है कि किसी को भी नजरअंदाज नहीं किया गया है। सभी क्षेत्रों को बजट में पूरी तरह से शामिल किया गया है। ये स्वागत योग्य बजट है यह आशाओं का बजट है यह एक दूरदर्शी बजट है जो शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचे, रेलवे और पर्यटन विकास पर केंद्रित ह यह बजट वित्तीय समृद्धि की नींव रखेगा।

आत्मनिर्भर और विकसित भारत सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है- मनीष सोनी
बीकानेर भाजपा मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का बजट है। यह बजट साबित करता है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है। इस बजट में मध्यमवर्गीय परिवार के साथ ही हर वर्ग का ध्यान रखा गया है वर्ष 2047 में विकसित भारत के आधारभूत ढांचे की परिकल्पना इस बजट में की गई है किसान, मजदूर, महिला और युवा इन चारों वर्गों का बजट में पूर्ण रूप से ध्यान रखा गया है।

बजट से स्पष्ट है कि भारत वैश्विक आर्थिकी में अपनी भूमिका और भी बड़ी करने जा रहा है- पंकज अग्रवाल
बीकानेर भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि बजट में मां लक्ष्मी का आशीर्वाद है। यह भारत के युवाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को अधिक आय, नारी शक्ति को सम्मान व स्वाभिमान तथा विशेष रूप से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग को बेहतर जीवन स्तर प्रदान करने वाला बजट है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया ने एक नया और सशक्त भारत देखा है। इस बजट से स्पष्ट है कि भारत वैश्विक आर्थिकी में अपनी भूमिका और भी बड़ी करने जा रहा है।

यह बजट छात्रों और युवाओं के साथ एक बड़ा धोखा है- श्रीकृष्ण गोदारा, NSUI जिलाध्यक्ष बीकानेर ग्रामीण
इसमें न तो रोजगार की कोई बात है, न ही छात्रों और युवाओं से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख है। यह भाजपा सरकार का युवाओं और छात्रों के प्रति असंवेदनशील और विरोधी रवैया दिखाता है। इस बजट से साफ है कि सरकार युवाओं की उम्मीदों और सपनों को नजरअंदाज कर रही है। रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय, यह बजट उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास करता है।

केंद्रीय बजट: युवा,किसान, बुजुर्ग, महिलाओ, व्यापारी वर्ग की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला- भवानी शंकर खत्री (भाजयुमो जिला कार्य कारिणी सदस्य)
युवा,किसान, बुजुर्ग, महिलाओ, व्यापारी वर्ग की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला, आत्मनिर्भर और विकसित भारत सिर्फ नारा नहीं सरकार का संकल्प, मध्यम वर्ग सहित हर वर्ग का रखा गया पूरा ध्यान,बजट 2047 के विकसित भारत की नीव वाला बजट

केंद्रीय बजट 2026 बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं बल्कि विकसित भारत का स्पष्ट रोडमैप है-विजय बाफना भाजपा नेता
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 आत्मनिर्भर व विकसित भारत की दिशा में एक सशक्त कदम है जो गरीब, महिला, किसान, युवा, पिछड़े और वंचितों सहित हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला साबित होगा। इसके तीन प्रमुख कर्तव्य आर्थिक ग्रोथ को गति देना, जनता की उम्मीदों को पूरा करना और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को मजबूती देना है।
निश्चित तौर पर यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा। ऐसे शानदार, दूरदर्शी और जनहितैषी बजट के लिए प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।



