Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। राजधानी में बीती रात को बेकाबू लग्जरी कार ने कुछ ही सैकेंड में ऐसा कहर मचाया की कुछ ही मिनटों में चीख पुकार मच गयी। खबर राजधानी जयपुर में पत्रकार कॉलोनी मुहाना वंदे मातरम रोड स्थित खरबास सर्कल पर शुक्रवार रात नौ बजे की है। जहां पर बेकाबू लग्जरी कार ने 100 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार में सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद दिया। बता दें कि हादसे में 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा की मौत हो गई। कार में चार लोग सवार थे। मौके पर जुटी भीड़ ने चारों को पकड़कर जमकर पीटा।


इस दौरान तीन लोग भीड़ के चंगुल से छूटकर भाग गए, जबकि एक को मौके पर पहुंची पुलिस ने छुड़ाया और अपनी कस्टडी में ले गई। घटना स्थल पर कार ने 7 थड़ी-ठेलों को टक्कर मारी। कार दमन-दीव नंबर की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार कार वंदे मातरम रोड से मुहाना की तरफ जा रही थी। तभी रफ्तार अधिक होने के कारण घुमाव में सर्कल से टकराकर बेकाबू हो गई और कुछ दूर जाकर सड़क किनारे कुर्सी पर बैठे और पास में खड़े लोगों को चपेट में ले लिया।
इसके बाद सड़क किनारे लगी थडिय़ां और ठेले चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ठेले के दो टुकड़े हो गए।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहन व एंबुलेंस से जयपुरिया हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इतने थड़ी-ठेलों से टकराने के बाद एक पेड़ से टकराकर कार रुक गई। मौके पर बड़ी संख्या में ठेले थे और 50-60 लोग मौजूद थे। कार नहीं रुकती तो और कई लोग उसकी चपेट में आ जाते।



