Bikaner News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। दीपावली के त्यौंहार से पहले बीकानेर में जयपुर से आई टीम ने कार्रवाई करते हुए माल जब्त किया है। यह कार्रवई सेल टैक्स विभाग द्वारा की गयी है। जयपुर से आई टीम ने यहां किराना और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों पर दबिश दी, जिससे पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से बीकानेर आ रहे चार ट्रकों को बीकानेर कार्यालय में रोका गया, जिनमें भरा किराना सामान कर चोरी से संबंधित पाया गया।


विभाग ने चारों ट्रकों को जब्त कर लिया है और माल का भौतिक सत्यापन जारी है। इसी क्रम में विभाग ने ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े दो कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की। यहां से कर चोरी से संबंधित करीब तीन सौ कार्टन में भरे सामान को जब्त किया गया है।
विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में सत्यापन के बाद जुर्माना वसूला जाएगा। लंबे अर्से बाद बीकानेर में टैक्स चोरी से जुड़ी ऐसी बड़ी कार्रवाई हुई है। दीपावली जैसे बड़े त्यौहार से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने कारोबारियों में चिंता बढ़ा दी है।



