Rohit Godara Gang News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। बीते दिनों बीकानेर में हुई फायरिंग के मामले में गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया था। इसको लेकर पीडि़त पक्ष ने रोहित गोदारा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसके बाद एक बार फिर रोहित गोदारा गैंग सुर्खियों में है। इस बार मामला बॉलीवुड की अभिनेत्री के घर पर फायरिंग से जुड़ा है।
बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर बीती रात अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। बताया जाता है कि तड़के 3.30 बजे के करीब अज्ञात बदमाशों ने दिशा पाटनी के घर पर तीन से चार राउंड फायरिंग की। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
इस बीच बरेली पुलिस ने इस घटना के बाद दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। बरेली पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया है।
इस फायरिंग के बाद फेसबुक का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी जमकर वायरल हो रहा है जिसमें गैंगस्टर रोहित गोदारा ने बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। हालांकि यह पोस्ट वेरीफाइड नहीं है इसलिए बरेली पुलिस भी इसकी जांच कर रही है।
इस वायरल पोस्ट में लिखा है-मैं वीरेंद्र चारण, महेंद्र सारण (डेलाणा)। भाईयों आज ये जो खुशबू पटानी/दिशा पटानी (बॉलीवुड एक्ट्रेस) के घर पर (विला नम्बर 40, सिविल लाइन्स बरेली, यू.पी.) में फायरिंग हुई है, ये हमने करवायी है। इसने हमारे पूज्य संत (प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज) का अपमान किया था। इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की थी। हमारे आराध्य देवी देवताओ का अपमान नहीं सहा जायेगा। ये तो महज एक ट्रेलर था। अगली बार फिर से इसने या किसी और ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई तो उनके घर मे से किसी को जिंदा नही छोड़ेंगे।
ये संदेश सिर्फ इसके लिए ही नही है बल्कि जितने भी फिल्म जगत के कलाकार और उनसे जुड़े लोग है, उन सभी के लिए हैं। जिस किसी ने भी हमारे धर्म और संतो सम्बन्धी ऐसी कोई भविष्य में अपमानजनक हरकत की तो तैयार रहना उसके परिणाम भुगतने के लिए। हमें हमारे धर्म की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाना पड़े, उसके लिए हम तैयार हैं। हम कभी भी पीछे नहीं हटेंगे। हमारे लिए धर्म और सर्व समाज हमेशा एक हैं, उनकी रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य है।