Nations News राजस्थान 1st न्यूज,नेटवर्क। पूर्व डिप्टी सीएम,सांसद और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के बेटे को जान से मारने की धमकी मिली है। वहीं फायरिंग की भी खबरें निकलकर सामने आ रही है। पंजाब के कांग्रेस सांसद, पूर्व डिप्टी सीएम और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे उदयवीर रंधावा को कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने जान से मारने की धमकी दी है। रंधावा ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके एक सहयोगी बेटे से मिलने गए थे। इस मुलाकात के एक घंटे बाद ही फायरिंग हुई।
सुखजिंदर रंधावा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को गैंगस्टरों का अड्डा बना दिया है। रंधावा ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और ऐसी घटनाएं आम जनता में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। जानकारी के अनुसार गुरुवार को फतेहगढ़ चूरियां कस्बे के परमिंदर सिंह के पगड़ी सेंटर पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोलियां चलाई थीं। ये घटना गुरुवार सुबह 11 बजे हुई थी। उक्त घटना से एक घंटा पहले तक रंधावा के बेटे वहीं पर मौजूद थे।