Rajasthan News राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने प्रदेश की सियासत को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गयी है। पूर्व सीएम ने सीएम भजनलाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। गहलोत ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है। जिसमें वो मीडिया से बातचीत करते हुए नजर आ रहे है। गहलोत ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पद से हटाने की साजिश चल रही है। यह साजिश उनकी ही पार्टी के कुछ नेता दिल्ली और जयपुर में रच रहे हैं।
गहलोत ने दावा किया कि यह षड्यंत्र लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस खतरे को समझ नहीं पा रहे हैं। गहलोत ने कहा कि मैं बार-बार मुख्यमंत्री को आगाह कर रहा हूं। लेकिन वे मेरी बात गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भजनलाल शर्मा भ्रम में रहे, तो उन्हें ही नुकसान होगा।
गहलोत ने जोर देकर कहा कि भजनलाल शर्मा पहली बार विधायक बने हैं, उन्हें मुख्यमंत्री बनाना एक बड़ा फैसला था। इसे बदलना ठीक नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि बार-बार मुख्यमंत्री बदलने से क्या फायदा होगा? एक युवा और नए नेता को मौका मिला है, इसे बरकरार रखना चाहिए। गहलोत चाहते हैं कि भजनलाल शर्मा अपना पूरा कार्यकाल करें। लेकिन उनकी पार्टी के कुछ लोग इसके खिलाफ काम कर रहे हैं।