राजस्थान 1st न्यूज,बीकानेर। पति की मौत के बाद जेठ पर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाते हुए विधवा ने मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला नोखा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। इस सम्बंध में पीडि़ता ने बताया कि उसके पति का फरवरी 2024 में देहात हो गया था। इसके बाद जेठ पेंशन और बेटे की नौकरी संबंधी कागजी कार्रवाई के बहाने उसके घर आने लगा।
12 मार्च 2024 को आरोपी जेठ ने कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के बहाने पीडि़ता को अपने घर बुलाया। वहां उसने महिला को नशीली चाय पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गई। इस दौरान आरोपी ने न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीडि़ता का यौन शोषण करता रहा।
परेशान होकर पीडि़ता बीकानेर चली गई, लेकिन 18 जनवरी 2025 को आरोपी वहां भी पहुंच गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे वापस नोखा बुला लिया। 20 जनवरी को नोखा लौटने पर आरोपी ने फिर से दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि आरोपी के बेटे ने भी पीडि़ता के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
